झांसी। जनपद के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के युवक-युवतियों को सॉफ्ट टॉयज ट्रेड में चार माह का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम यूपिको, लखनऊ द्वारा संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं के कौशल को विकसित कर उन्हें स्वरोजगार एवं नए उद्यम स्थापित करने के लिए सक्षम बनाना है।
उपायुक्त उद्योग मनीष चौधरी ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थियों की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा न्यूनतम शैक्षिक योग्यता कक्षा-8 पास होना अनिवार्य है।
इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट www.diupmsme.upsdc.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को फोटो, जाति प्रमाण पत्र, बैंक खाता/पासबुक, आधार कार्ड, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र एवं निवास प्रमाण पत्र की छायाप्रति/प्रमाण पत्र ऑनलाइन अपलोड करना होगा।
उपायुक्त उद्योग ने पात्र एवं इच्छुक युवक-युवतियों से अपील की है कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर इस प्रशिक्षण योजना का लाभ उठाएं।
