एचआईवी/एड्स जागरूकता को लेकर झांसी में छात्र-छात्राओं ने किया फ्लैश मॉब, युवाओं को दिया बचाव का संदेश

झांसी। उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी के निर्देशन एवं दिशा क्लस्टर की अगुवाई में विद्यावती नर्सिंग कॉलेज, झांसी के छात्र-छात्राओं द्वारा एचआईवी/एड्स के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से फ्लैश मॉब का आयोजन किया गया। निर्धारित कार्यक्रम के तहत बड़ा बाजार, लेबर चौराहा एवं मिनर्वा चौराहा पर छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक एवं फ्लैश मॉब के माध्यम से युवाओं तथा आमजन को एचआईवी/एड्स के कारणों, बचाव एवं इससे जुड़ी भ्रांतियों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान जिला चिकित्सालय झांसी के सम्पूर्ण सुरक्षा मैनेजर श्री अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि जागरूकता कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य एचआईवी/एड्स को लेकर लोगों में सही समझ विकसित करना और समाज में प्रचलित भ्रांतियों को दूर करना है। उन्होंने एचआईवी संक्रमण के चार प्रमुख कारणों तथा संक्रमण से बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं सीपीएम, दिशा क्लस्टर सुश्री रितु पाण्डेय ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। सही मार्गदर्शन और जानकारी के अभाव में युवा कई बार जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में पहुंच सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए युवाओं के बीच एचआईवी/एड्स के कारणों एवं बचाव को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि जागरूक युवा न केवल स्वयं को सुरक्षित रख सकते हैं, बल्कि अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

फ्लैश मॉब के दौरान छात्र-छात्राओं ने आकर्षक प्रस्तुति के माध्यम से लोगों का ध्यान आकर्षित किया और एचआईवी/एड्स से बचाव, सुरक्षित व्यवहार तथा संक्रमण को लेकर फैली गलत धारणाओं के प्रति जागरूक किया। सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित इस कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए।

कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय झांसी से श्रीमती अवधेश कुमारी पटेल, चांदनी सौनकिया तथा विद्यावती नर्सिंग कॉलेज झांसी से अध्यापिका सुश्री रितिका सहित राजकुमार, मुस्कान, यशेंद्र, खुशी, वत्सल, खीरा, साक्षी, नेहा, पूनम, नीलम आदि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में दिशा क्लस्टर झांसी के श्री अमित सक्सेना ने सभी सहभागियों का आभार व्यक्त किया। जागरूकता संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *