कोटेदारों का लाभांश ₹125 प्रति क्विंटल होने पर उचित दर विक्रेता संघ ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

झांसी। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) के लाभांश में ₹35 प्रति क्विंटल की वृद्धि करते हुए इसे ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति क्विंटल किए जाने पर जनपद झांसी के उचित दर विक्रेता संघ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय के प्रति आभार व्यक्त किया।

उचित दर विक्रेता संघ की ओर से जिलाधिकारी, झांसी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम धन्यवाद ज्ञापन प्रेषित किया गया। संघ ने कहा कि उचित दर विक्रेता सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से प्रदेश के गरीब, जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि लाभांश में की गई ₹35 प्रति क्विंटल की वृद्धि से कोटेदारों के आर्थिक हितों को मजबूती मिलेगी। साथ ही यह निर्णय सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं के सेवा कार्य के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान को भी दर्शाता है।

उचित दर विक्रेता संघ ने प्रदेश सरकार के इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री एवं खाद्य एवं रसद मंत्री का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि लाभांश में वृद्धि से सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े विक्रेताओं को राहत मिलेगी और वे अपने दायित्वों का निर्वहन और अधिक प्रभावी ढंग से कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *