ईदगाह-80 फीट रोड पर धंसी सड़क, मकानों पर मंडराया खतरा

कानपुर। शहर में डाट नालों की मरम्मत के बीच सड़क धंसने की घटनाएं लोगों के लिए चिंता का कारण बनती जा रही हैं। 80 फीट रोड पर पहले से करीब 30 फीट सड़क धंसी हुई है। पिछले करीब दो माह से डाट नाले की मरम्मत का काम चल रहा है, जिसके चलते आसपास के मकानों पर भी खतरा बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, एक मकान मालिक ने अपने मकान को सुरक्षित रखने के लिए ईंटों का चैंबर बनवाया है। वहीं बुधवार सुबह करीब आठ बजे मरम्मत स्थल के पास करीब पांच मीटर लंबा रास्ता और धंस गया। सड़क धंसने के बाद आसपास के क्षेत्र में खतरा और बढ़ गया है।

ईदगाह रोड पर पहले से बंद है रास्ता

ईदगाह जाने वाले मार्ग पर भी डाट नाला धंसने के कारण सड़क पहले ही बैठ चुकी है। इसके चलते रास्ता बंद है। बारिश के कारण मरम्मत कार्य प्रभावित हो रहा है। गहरे गड्ढे में उतरकर काम करने के लिए मजदूर भी तैयार नहीं हैं, जिससे समस्या का समाधान समय पर नहीं हो पा रहा है।

चमनगंज में झड़े वाले चौराहे पर भी धंसी सड़क

वहीं चमनगंज क्षेत्र के झड़े वाले चौराहे पर भी सड़क धंसने की सूचना है। लगातार हो रही बारिश और डाट नालों की खराब स्थिति के कारण शहर के कई इलाकों में सड़क धंसने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित स्थानों पर तत्काल सुरक्षा इंतजाम करने और मरम्मत कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *