कानपुर में लूट के बाद अधेड़ महिला की हत्या, कुर्सी पर बैठाकर फरार हुए बदमाश

कानपुर। रावतपुर थाना क्षेत्र के केशवपुरम स्थित हसनपुर में मंगलवार शाम बदमाशों ने लूटपाट के बाद 58 वर्षीय महिला की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को कुर्सी पर बैठा दिया और मौके से फरार हो गए। देर रात किराएदार के पानी भरने के लिए मोटर चलाने पहुंचने पर घटना का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका की पहचान उमा कुशवाहा (58) के रूप में हुई है। वह अपने पति शिवमंगल कुशवाहा के साथ रहती थीं। शिवमंगल का मासवानपुर में बुक स्टॉल है। उनका बड़ा बेटा अमरीश मासवानपुर में ही अलग मकान में रहता है, जबकि छोटा बेटा आशीष दिल्ली में स्वास्थ्य मंत्रालय में सीनियर टेक्नीशियन के पद पर तैनात है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब आठ बजे उमा की किराएदार पानी भरने के लिए मोटर चलाने पहुंची। वहां उसने उमा को कुर्सी पर बैठा देखा। काफी आवाज देने के बावजूद जब उमा की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो किराएदार ने तत्काल उनके पति शिवमंगल को सूचना दी।

शिवमंगल घर पहुंचे तो उन्हें शुरुआती तौर पर लगा कि उमा को दिल का दौरा पड़ा है। हालांकि, गौर से देखने पर उनके गले पर काले-नीले निशान दिखाई दिए। साथ ही कमरे का सामान बिखरा हुआ था। इससे उन्हें लूटपाट के बाद हत्या किए जाने का शक हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर रात करीब 11 बजे रावतपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में वारदात शाम करीब सात बजे के आसपास होने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, मकान में जबरन प्रवेश या तोड़फोड़ के स्पष्ट साक्ष्य अभी नहीं मिले हैं। पुलिस घटना के कारणों और परिस्थितियों समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और जल्द ही वारदात का खुलासा कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *