झांसी में 15 घंटे के भीतर स्कॉर्पियो बरामद, दो गिरफ्तार; एक आरोपी फरार

झांसी। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सीपरी बाजार पुलिस ने स्कॉर्पियो लूट के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्कॉर्पियो कार संख्या UP32YN5050 बरामद की है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को करीब सुबह 9:50 बजे वादी मनीष कुमार शर्मा निवासी खाती बाबा, थाना प्रेमनगर ने सूचना दी कि वह अपनी स्कॉर्पियो कार से जा रहे थे। रास्ते में कार सवार कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया और मारपीट करते हुए स्कॉर्पियो छीनकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सीपरी बाजार पुलिस ने GPS लोकेशन के आधार पर वाहन की तलाश शुरू की। पुलिस टीम लगातार पीछा करती रही और करीब 15 घंटे के भीतर 2 सितंबर की रात 12:52 बजे थाना ओरछा, जनपद निवाड़ी, मध्य प्रदेश क्षेत्र से लूटी गई स्कॉर्पियो बरामद कर ली गई।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान बुजेंद्र यादव पुत्र राजकुमार यादव, निवासी ग्राम खेलर, थाना बबीना, जनपद झांसी, उम्र करीब 25 वर्ष तथा प्रद्युम्न यादव पुत्र धनिराम यादव, निवासी ग्राम बनगाय, थाना ओरछा, जनपद निवाड़ी, मध्य प्रदेश, उम्र करीब 30 वर्ष को गिरफ्तार किया। वहीं तीसरा आरोपी राहुल यादव पुत्र भैरान यादव, निवासी ग्राम खोड़न अहिरौना, थाना रक्सा, जनपद झांसी, उम्र करीब 35 वर्ष, फरार बताया गया है।

पूछताछ में हुआ खुलासा

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई स्कॉर्पियो बरामद की गई। मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बुजेंद्र यादव के खिलाफ थाना नवाबाद और थाना सीपरी बाजार में पूर्व के मुकदमे दर्ज हैं। वहीं प्रद्युम्न यादव के खिलाफ भी थाना सीपरी बाजार में मामला दर्ज बताया गया है। फरार आरोपी राहुल यादव के खिलाफ थाना रक्सा, प्रेमनगर और सीपरी बाजार समेत विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश चौबे, उपनिरीक्षक विनय कुमार, उपनिरीक्षक प्रदीप शर्मा, कांस्टेबल प्रकाश कुमार, कांस्टेबल प्रदीप ,कांस्टेबल सुमित भारती और कांस्टेबल कुलदीप यादव सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

पुलिस ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास तेज कर दिए हैं। अधिकारियों के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *