कानपुर। बुधवार को श्याम नगर स्थित एमडी इन्फोटेक परीक्षा केंद्र पर बीएसएफ हेड कांस्टेबल की परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा किया। अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन परीक्षा के दौरान तकनीकी खामियों का आरोप लगाते हुए परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।
अभ्यर्थियों के मुताबिक, परीक्षा के दौरान कई कंप्यूटर सिस्टम अचानक बंद हो गए। इसके साथ ही कुछ सिस्टम में माउस और की-बोर्ड ने भी काम करना बंद कर दिया। अभ्यर्थियों का आरोप है कि सिस्टम ठप होने के करीब 40 मिनट बाद परीक्षा केंद्र प्रबंधन ने प्रभावित अभ्यर्थियों को परीक्षा हॉल से बाहर कर दिया।
इसके बाद परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने परीक्षा व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा में पेपर लीक जैसी अनियमितता की आशंका है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। एसीपी चकेरी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर हंगामे की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अभ्यर्थियों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस बीच प्रथम पाली की परीक्षा निरस्त किए जाने की भी चर्चा होती रही। हालांकि, पेपर लीक होने अथवा प्रथम पाली की परीक्षा निरस्त किए जाने की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अभ्यर्थियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, परीक्षा में हुई तकनीकी खामियों की जांच करने तथा इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
