झांसी-डीएम से फरियाद के बाद संजीव का आवास का सपना होगा साकार, मुख्यमंत्री आवास योजना का मिलेगा लाभ

झांसी। जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने मंगलवार, 01 सितंबर 2026 को कलेक्ट्रेट कक्ष में आयोजित जनता दर्शन में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायतों का निस्तारण दिखाना नहीं, बल्कि फरियादी को वास्तविक राहत पहुंचाना है।

जनता दर्शन के दौरान भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस, विकास कार्यों सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष पहुंचीं। जिलाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तहसीलदारों, खंड विकास अधिकारियों और अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का मौके पर जाकर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां संभव हो, दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों का समाधान कराया जाए, ताकि अनावश्यक मुकदमेबाजी और तनाव से बचा जा सके।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अब जनसुनवाई की सीधी मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री कार्यालय से की जा रही है, इसलिए जनता दर्शन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लिया जाए।

इसी दौरान ग्राम गोपालपुरा, पोस्ट भौराघाट, तहसील एवं ब्लॉक मोंठ निवासी संजीव कुमार पुत्र रामस्वरूप ने जिलाधिकारी के समक्ष मुख्यमंत्री आवास योजना से जुड़ी अपनी समस्या रखी। संजीव कुमार ने बताया कि उन्होंने करीब दो वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री आवास योजना के लिए आवेदन किया था। एक वर्ष पूर्व उनका नाम पात्र लाभार्थियों की सूची में भी शामिल हो गया था। उनका आरोप है कि दोबारा जांच के दौरान उनसे सुविधा शुल्क की मांग की गई। शुल्क देने से इनकार करने के बाद उन्हें अपात्र घोषित कर दिया गया।

संजीव कुमार ने बताया कि वह आर्थिक रूप से बेहद कमजोर हैं और दिव्यांग भी हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से पूर्व पात्रता सूची और वर्तमान स्थिति की जांच किसी सक्षम अधिकारी से कराकर पात्र पाए जाने पर मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी गौरांग राठी ने तत्काल ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव से वार्ता की तथा शिकायत की जांच कर नियमानुसार निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद संजीव कुमार को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने की उम्मीद जगी है।

जनता दर्शन में पहुंचे फरियादियों ने जिलाधिकारी की सक्रियता और निष्पक्ष सुनवाई की सराहना की। जिलाधिकारी ने कहा कि हर जरूरतमंद की सेवा प्रशासन का संकल्प है और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, एसडीएम न्याय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *