चित्रकूट: मोहरवा रपटा पुल पर आवागमन बंद, DM ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

चित्रकूट। 1 September 2026 जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश और ओहन बांध से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण वाल्मीकि नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी का जलस्तर मोहरवा रपटा पुल के लगभग स्लैब तक पहुंच गया है और जलप्रवाह भी काफी तेज है। सुरक्षा को देखते हुए मोहरवा रपटा पुल पर आवागमन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।

तेज जलप्रवाह, बढ़ते जलदाब तथा नदी में बहकर आ रहे पेड़, लकड़ी और अन्य मलबे के कारण पुल के पिलरों को नुकसान पहुंचने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। फिलहाल पुल पर करीब दो घंटे के लिए यातायात रोका गया है।

वहीं, वैकल्पिक पुल की स्थिति भी जर्जर होने के कारण वहां से आवागमन में सुरक्षा जोखिम बना हुआ है। प्रशासन द्वारा दोनों स्थानों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

जिलाधिकारी चित्रकूट ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और मोहरवा रपटा पुल एवं वाल्मीकि नदी के आसपास जाने से बचें। उन्होंने लोगों से प्रशासन द्वारा जारी यातायात एवं सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

जिलाधिकारी ने लोगों से विशेष रूप से अपील की है कि नदी के तेज बहाव को देखते हुए किसी भी प्रकार का जोखिम न लें और पुल अथवा नदी के आसपास भीड़ न लगाएं। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *