झांसी-उम्र अधिक होने के कारण नहीं हुआ आंगनबाड़ी सहायिका पद पर चयन, CDO ने कराया पत्रावली का अवलोकन

झांसी। विकास भवन सभागार में मंगलवार, 1 सितंबर 2026 को समस्त जनप्रतिनिधियों द्वारा नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के बाद ग्राम बारी बुजुर्ग, विकासखंड चिरगांव, तहसील टहरौली निवासी श्रीमती अर्चना देवी आंगनबाड़ी सहायिका पद पर चयन न होने को लेकर मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष शिकायत लेकर पहुंचीं।

मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री दिनेश राजपूत को संबंधित पत्रावली के साथ अपने कार्यालय में बुलाया। इसके बाद शिकायतकर्ता अर्चना देवी को चयन से संबंधित पूरी पत्रावली का अवलोकन कराया गया।

पत्रावली की जांच में सामने आया कि आंगनबाड़ी सहायिका के चयन के लिए निर्धारित कटऑफ तिथि के अनुसार शिकायतकर्ता की आयु 35 वर्ष से अधिक थी। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित शासनादेश का भी अवलोकन कराया, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका के पद के लिए 18 से 35 वर्ष की आयु सीमा निर्धारित है।

शासनादेश एवं चयन संबंधी अभिलेखों को देखने के बाद शिकायतकर्ता ने मामले की स्थिति को समझते हुए संतोष व्यक्त किया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नियुक्ति प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। किसी भी नियुक्ति अथवा प्रवेश प्रक्रिया में नियमों के विपरीत किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य पात्र अभ्यर्थियों को नियमानुसार अवसर उपलब्ध कराना और प्रत्येक शिकायत का तथ्यों एवं अभिलेखों के आधार पर निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करना है। इस मामले में भी संबंधित अभिलेखों और शासनादेश के आधार पर स्थिति स्पष्ट की गई, जिसके बाद शिकायतकर्ता संतुष्ट होकर वापस लौटीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *