झांसी – 26 नव नियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र, खिले चेहरे

झांसी। विकास भवन सभागार में नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक श्री रवि शर्मा, सदस्य विधान परिषद श्रीमती रमा निरंजन, सदस्य विधान परिषद श्री रामतीर्थ सिंघल एवं सदस्य विधान परिषद डॉ. बाबूलाल तिवारी ने प्रतिभाग करते हुए चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सदस्य विधान परिषद श्रीमती रमा निरंजन ने नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकारी सेवा में प्रवेश उनके जीवन का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई है। अब चयनित सहायिकाओं की जिम्मेदारी है कि वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ प्रदेश एवं समाज की सेवा करें। उन्होंने गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की सेवा को प्राथमिकता देने तथा किसी भी प्रकार के अनुचित कार्य से दूर रहने की अपील की।

सदस्य विधान परिषद श्री रामतीर्थ सिंघल ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी नवनियुक्त सहायिकाएं अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगी।

मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी जिम्मेदारियां महत्वपूर्ण हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों से उनका सीधा जुड़ाव रहता है और जनपद के विकास तथा सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में उनकी भूमिका अहम है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री दिनेश राजपूत ने बताया कि जनपद में 26 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को सांकेतिक रूप से नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। उन्होंने सभी नव चयनित सहायिकाओं का विभागीय परिवार में स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने ग्रामीण जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन बाल विकास परियोजना अधिकारी श्रीमती स्नेह गुप्ता ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर प्रधान सहायक श्री शशि कुमार कन्नौजिया, अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाएं एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। नियुक्ति पत्र प्राप्त करते ही चयनित सहायिकाओं के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। कार्यक्रम में पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के प्रति युवाओं के बढ़ते विश्वास को भी रेखांकित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *