कानपुर। मंगलवार देर रात पनकी क्षेत्र के MIG रोड स्थित त्रिपाठी गेस्ट हाउस के सामने ओला शोरूम में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना 25 अगस्त 2026 की रात करीब 11:18 बजे मिनी कंट्रोल से फायर विभाग को मिली।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन पनकी से फायर टेंडर संख्या 2463 तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ। आग की गंभीरता को देखते हुए फायर स्टेशन फजलगंज से फायर टेंडर संख्या 7655 और 6198 तथा प्रभारी पनकी भी मौके के लिए रवाना हुए।
घटनास्थल पर पहुंचने पर फायर कर्मियों ने देखा कि MIG रोड स्थित ओला शोरूम में आग तेजी से जल रही थी और शोरूम के अंदर अत्यधिक धुआं भरा हुआ था। फायर यूनिटों ने मोर्चा संभालते हुए पंपिंग कर काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
फायर विभाग के अनुसार, घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों और शोरूम में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
