कानपुर। सर्वोदय नगर स्थित आरटीओ कार्यालय में सोमवार दोपहर क्राइम ब्रांच और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने अचानक बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान ड्रोन की मदद से पूरे परिसर की निगरानी की गई, जिससे आरटीओ कार्यालय में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि एडीसीपी क्राइम ब्रांच सुमित सुधाकर रामटेके और एसडीएम अनुभव जैन की अगुवाई में पुलिस एवं प्रशासन की टीम ने करीब दोपहर 1:40 बजे आरटीओ कार्यालय पहुंचकर जांच शुरू की। टीम ने आरटीओ कार्यालय के साथ ही सारथी भवन में भी जांच-पड़ताल की।
छापेमारी के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर आरटीओ कार्यालय के दोनों गेट बंद कर दिए गए और ड्रोन के जरिए परिसर में निगरानी की गई। अचानक बड़ी संख्या में पुलिस बल के पहुंचने से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते कई लोग परिसर से इधर-उधर चले गए और आरटीओ परिसर में सन्नाटा पसर गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान एक दर्जन से अधिक संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है। हालांकि, हिरासत में लिए गए लोगों की भूमिका और पुलिस की कार्रवाई के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी का अभी इंतजार है।
क्राइम ब्रांच और जिला प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई को आरटीओ कार्यालय में कथित अनियमितताओं एवं संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
