कानपुर नगर। गुरुवार, 20 अगस्त 2026 को सुबह करीब 9:20 बजे मिनी कंट्रोल के माध्यम से अग्निशमन केंद्र जाजमऊ को सूचना प्राप्त हुई कि लाल बंगला मार्केट स्थित एक कपड़े की दुकान में आग लग गई है।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन जाजमऊ से दो फायर टैंकर और एक हाई प्रेशर यूनिट तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। फायर यूनिट मौके पर पहुंची तो 448/8, नई सब्जी मंडी, लाल बंगला स्थित मेसर्स ट्रेंड नामक रेडीमेड कपड़ों की दुकान के ग्राउंड फ्लोर में आग लगी हुई थी।
अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए पंपिंग के जरिए आग पर पानी की बौछार की। फायर यूनिटों की तत्परता से कुछ ही क्षणों में आग पर काबू पा लिया गया और आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।
समय रहते आग पर नियंत्रण होने से आसपास की दुकानों और अन्य संपत्ति को संभावित नुकसान से बचाया जा सका। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
फायर विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के कारणों और दुकान में हुए नुकसान का आकलन संबंधित स्तर पर किया जा रहा है।
