ओरछा से झांसी पहुंची भव्य कांवड़ यात्रा, हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर हुई पुष्पवर्षा

झांसी। सावन के पावन महीने में गुरुवार को झांसी में भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध ओरछा धाम से शुरू हुई कांवड़ यात्रा झांसी पहुंची, जहां सिद्धेश्वर मंदिर में जलाभिषेक के साथ यात्रा का समापन हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

झांसी शहर में कांवड़ यात्रा के प्रवेश के दौरान श्रद्धालुओं का विशेष अंदाज में स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से भेजे गए राजकीय हेलीकॉप्टर से सिद्धेश्वर मंदिर, इलाइट चौराहा सहित शहर के कई प्रमुख स्थानों पर कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा की गई। हेलीकॉप्टर ने कई चक्कर लगाकर जगह-जगह श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए।

इस दौरान झांसी के मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे और आईजी आकाश कुलहरि विशेष हेलीकॉप्टर में सवार रहे। उन्होंने कांवड़ लेकर आ रहे श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत और अभिनंदन किया। हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा को देखकर कांवड़ यात्रियों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह नजर आया।

कांवड़ यात्रा में शामिल विभिन्न धार्मिक झांकियां भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। पूरे यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की भीड़ और भक्ति का माहौल दिखाई दिया। इलाइट चौराहे पर मौजूद जनसमूह ने पुष्पवर्षा का स्वागत करते हुए ‘धन्यवाद योगी जी’ के उद्घोष किए।

कांवड़ यात्रा के दौरान बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा, बुंदेलखंड कांवड़ यात्रा समिति के अध्यक्ष संजीव श्रृंगीऋषि सहित समिति के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

ओरछा धाम से झांसी तक निकली इस भव्य कांवड़ यात्रा ने सावन के दौरान धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल बना दिया। सिद्धेश्वर मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और यात्रा का विधिवत समापन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *