कानपुर: चकेरी थाना क्षेत्र के चकरपुर भौती स्थित शिल्पा एजेंसी टेक्सटाइल डिवीजन की गद्दा फैक्ट्री में गुरुवार शाम भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही कानपुर नगर अग्निशमन विभाग की कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
20 अगस्त 2026 को शाम 4:51 बजे मिनी कंट्रोल रूम फजलगंज को फैक्ट्री में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन पनकी से 1 तथा फजलगंज से 3 दमकल यूनिटें प्रभारी अग्निशमन अधिकारी के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।
आग की भयावहता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) दीपक शर्मा स्वयं मौके पर पहुंचे और राहत एवं अग्निशमन अभियान की कमान संभाली। किदवई नगर, जाजमऊ, कर्नलगंज और माती (कानपुर देहात) से भी अतिरिक्त अग्निशमन वाहनों को घटनास्थल पर भेजा गया।
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि फैक्ट्री भवन के भूतल पर फोम से निर्मित गद्दों आदि में आग तेजी से फैल रही थी। आग को आसपास के भवनों तक पहुंचने से रोकने के लिए दमकल कर्मियों ने चारों तरफ से पानी की बौछार करते हुए मोर्चा संभाला।
लगातार तीन घंटे से अधिक समय तक चले अग्निशमन अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से आसपास स्थित अन्य औद्योगिक भवनों को भी सुरक्षित बचा लिया गया।
अग्निशमन एवं आपात सेवा, कानपुर नगर के अनुसार, इस अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारण और संपत्ति के नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।
