दिल्ली -मुंडका CNG पंप पर भीषण धमाका, तीन लोगों की मौत

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के पश्चिमी इलाके मुंडका के टिकरी कलां क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक CNG स्टेशन पर गैस रीफिलिंग के दौरान ट्रक के गैस सिलेंडर में अचानक जोरदार धमाका हो गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, यह हादसा शाम करीब साढ़े तीन बजे हुआ। बताया जा रहा है कि CNG पंप पर वाहनों में गैस भरने का सामान्य काम चल रहा था। इसी दौरान एक ट्रक में CNG भरने के लिए नोजल लगाया गया। गैस रीफिलिंग की प्रक्रिया शुरू होते ही ट्रक का गैस सिलेंडर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया।

धमाका इतना जोरदार था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल धमाका किस वजह से हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।

हादसे के कारणों और घायलों की स्थिति को लेकर संबंधित अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *