कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में पनकी आउटर के पास दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली से लखनऊ जा रही गोमती एक्सप्रेस का इंजन अचानक फेल हो गया। इंजन खराब होने के कारण डाउन लाइन पर रेल यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
ट्रैक बाधित होने से गोमती एक्सप्रेस के पीछे चल रही शताब्दी एक्सप्रेस और राजधानी एक्सप्रेस जैसी वीआईपी ट्रेनों सहित एक दर्जन से अधिक ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर रुक गईं। ट्रेनों के अचानक रुक जाने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि कई यात्री एक घंटे से अधिक समय से ट्रेनों में फंसे हुए हैं। यात्रियों का आरोप है कि रेलवे की ओर से उन्हें ट्रेनों के संचालन और आगे की स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है।
रात के अंधेरे में कुछ यात्री अपने छोटे बच्चों और भारी सामान के साथ रेलवे ट्रैक पर पैदल चलने को मजबूर दिखाई दिए। लंबे समय तक ट्रेनें खड़ी रहने के कारण यात्रियों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है।
यात्रियों का कहना है कि उन्हें यह तक स्पष्ट नहीं बताया जा रहा कि ट्रेन कब रवाना होगी और उन्हें आगे किस स्टेशन पर भेजा जाएगा। वहीं, ट्रैक बाधित होने के चलते पीछे आने वाली अन्य ट्रेनों के संचालन पर भी इसका असर पड़ा है।
रेल यातायात बाधित होने से यात्रियों में भारी असुविधा और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। अब यात्रियों को रेलवे की ओर से ट्रैक को जल्द खाली कराकर प्रभावित ट्रेनों का संचालन सामान्य किए जाने का इंतजार है।
