“जयकारों से गूंजा चित्रकूट, साधु-संतों ने संभाली तिरंगे की कमान, निकली विशाल तिरंगा यात्रा”

चित्रकूट। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चित्रकूट व्यापार मंडल एवं हिंदू जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में चित्रकूट में विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। देशभक्ति के जज्बे से ओत-प्रोत इस यात्रा में बड़ी संख्या में व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा में रामघाट स्थित निर्मोही अखाड़ा के महंत श्री दीनदयाल दास जी एवं मुन्ना शास्त्री सहित अखाड़े के कई साधु-संतों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर निकले साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
यात्रा के दौरान भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से चित्रकूट की गलियां गूंज उठीं। तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
आयोजकों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का दिन है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
चित्रकूट की धार्मिक एवं आध्यात्मिक धरती पर साधु-संतों की मौजूदगी ने इस तिरंगा यात्रा को विशेष बना दिया। यात्रा में शामिल लोगों में देशभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *