कानपुर। शहर के श्याम नगर क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई। पीएसी पुल के पास स्थित एक मकान में दो बदमाश घुस गए और तमंचे के बल पर घर में मौजूद लोगों को आतंकित कर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवर लूट लिए।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित परिवार से लूटे गए सामान की जानकारी जुटाई जा रही है। शुरुआती जांच में घटना को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया जाना सामने आया है। पुलिस जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है।
