कानपुर। सावन के पहले सोमवार की शाम भगवान शिव के दर्शन के लिए मंदिर जा रहे एक छात्र की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। सचेंडी थाना क्षेत्र में बीपीसीएल रोड स्थित दीपू चौहान होटल के पास तेज रफ्तार टैंकर ने छात्र को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और टैंकर को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान वंश वर्मा (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो इटावा के जसवंतनगर का निवासी था। मीडिया में आ रही ख़बरों के अनुसार वंश कानपुर स्थित पीएसआईटी (PSIT) कॉलेज में बीबीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह पिछले दो वर्षों से अपने दोस्त प्रिंस के साथ किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
वंश के दोस्त प्रिंस ने बताया कि सोमवार शाम कॉलेज से लौटने के बाद वंश ने उसे शिव मंदिर चलने के लिए कहा था। हालांकि, थकान के कारण प्रिंस ने साथ जाने से मना कर दिया। इसके बाद वंश अकेले ही पैदल मंदिर के लिए निकल गया। रास्ते में बीपीसीएल रोड पर तेज रफ्तार टैंकर ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वंश अपने परिवार का बड़ा बेटा था। उसके पिता रत्नेश वर्मा जसवंतनगर में ज्वेलरी का कारोबार करते हैं। परिवार में उसकी मां संध्या वर्मा और छोटा भाई अंश हैं। जवान बेटे की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सूचना मिलने के बाद परिजन देर रात कानपुर के लिए रवाना हो गए।
घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सावन के पहले सोमवार पर हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। मंदिर दर्शन के लिए निकले एक होनहार छात्र की असमय मौत से कॉलेज, दोस्तों और परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है।
