कानपुर, 1 अगस्त 2026। कलेक्टरगंज थाना क्षेत्र स्थित मारवाड़ी विद्यालय के पास सब्जी मंडी में शनिवार को एक बंद दुकान में अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिनी कंट्रोल रूम के माध्यम से फायर विभाग को मिली, जिसके बाद तत्काल दमकल की टीमें मौके के लिए रवाना कर दी गईं।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन लाटूश रोड से दो दमकल वाहन तथा फायर स्टेशन करनैलगंज से एक वाटर टेंडर घटनास्थल पर पहुंचा। मौके पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने देखा कि एक बंद दुकान के अंदर आग लगी हुई है। टीम ने तुरंत दुकान का ताला खुलवाया और एक डिलीवरी होज पाइप की सहायता से आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया।
दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को अल्प समय में ही पूरी तरह बुझा लिया गया। साथ ही आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक दिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और आसपास की दुकानों को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा। फायर विभाग की तत्परता और समय पर की गई कार्रवाई से संभावित बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
