लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। जारी स्थानांतरण सूची के अनुसार कुल 15 आईपीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाना माना जा रहा है।
तबादला सूची के अनुसार आईपीएस अशोक जैन को गोरखपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक पद से हटाकर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन एवं आपात सेवा बनाया गया है। वहीं आईपीएस अमरेन्द्र के. सेंगर को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त पद से हटाकर पुलिस महानिदेशक अभिसूचना के साथ-साथ पुलिस महानिदेशक सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इसी क्रम में आईपीएस राम कुमार को लॉजिस्टिक्स से गोरखपुर जोन का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है, जबकि आईपीएस नवीन अरोरा को तकनीकी सेवाओं से स्थानांतरित कर वाराणसी जोन का एडीजी नियुक्त किया गया है।
आईपीएस पीयूष मोर्डिया को वाराणसी जोन से प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट का पुलिस आयुक्त बनाया गया है। वहीं आईपीएस भगवान स्वरूप श्रीवास्तव को अभिसूचना से तकनीकी सेवाओं का दायित्व सौंपा गया है।
इसके अलावा डॉ. संजीव गुप्ता को पुलिस मुख्यालय में अपर पुलिस महानिदेशक के साथ-साथ लॉजिस्टिक्स का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। आईपीएस तरुण गाबा को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है।
