नई दिल्ली। भगवान शिव के भक्तों के लिए 30 जुलाई 2026 का दिन अत्यंत शुभ और विशेष रहने वाला है। इसी दिन से पवित्र श्रावण (सावन) माह का शुभारंभ होगा। सावन शुरू होते ही देशभर के शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना, जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, कांवड़ यात्रा और “हर-हर महादेव” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो जाएगा।
हिंदू धर्म में सावन माह को भगवान शिव की आराधना का सबसे पवित्र समय माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस पूरे महीने श्रद्धापूर्वक भगवान शिव का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, बेलपत्र अर्पण और व्रत करने से महादेव शीघ्र प्रसन्न होते हैं तथा भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। साथ ही माता पार्वती की कृपा भी प्राप्त होती है।
30 जुलाई 2026 से शुरू होगा सावन
पंचांग के अनुसार, श्रावण माह के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि 29 जुलाई 2026 को रात 8:05 बजे से प्रारंभ होगी और 30 जुलाई 2026 को रात 9:30 बजे समाप्त होगी। उदया तिथि के आधार पर 30 जुलाई 2026, गुरुवार से सावन माह की शुरुआत मानी जाएगी।
पहला सावन सोमवार कब है?
साल 2026 का पहला सावन सोमवार 3 अगस्त 2026 को पड़ेगा। इस दिन भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, रुद्राभिषेक और विधि-विधान से पूजा करने का विशेष महत्व बताया गया है। मान्यता है कि इस दिन व्रत रखने और श्रद्धापूर्वक शिव आराधना करने से वैवाहिक जीवन में सुख-समृद्धि आती है तथा अविवाहित युवाओं को योग्य जीवनसाथी की प्राप्ति का आशीर्वाद मिलता है।
बनेगा शुभ संयोग
पहले सावन सोमवार के दिन उत्तराभाद्रपद नक्षत्र रहेगा तथा सुकर्मा योग का शुभ संयोग भी बनेगा। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार यह योग भगवान शिव की उपासना, रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय मंत्र जाप और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है।
सावन सोमवार व्रत के प्रमुख नियम
- प्रातः ब्रह्म मुहूर्त में स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करें।
- भगवान शिव का गंगाजल, दूध, दही, शहद, घी और शक्कर से अभिषेक करें।
- शिवलिंग पर बेलपत्र, धतूरा, भांग, आक के फूल और सफेद पुष्प अर्पित करें।
- “ॐ नमः शिवाय” तथा महामृत्युंजय मंत्र का जाप करें।
- व्रत के दौरान सात्विक भोजन करें और तामसिक भोजन से परहेज रखें।
- दिनभर संयम, सेवा और दान-पुण्य का पालन करें।
ज्योतिषाचार्य ने दी जानकारी

बालाजी सर्व अनुष्ठान ज्योतिष केंद्र, बदरवास के पंडित अमित आचार्य जी ने बताया कि वर्ष 2026 का सावन माह अत्यंत शुभ संयोगों के साथ प्रारंभ हो रहा है। विशेष रूप से 3 अगस्त 2026 का पहला सावन सोमवार शिव भक्तों के लिए अत्यंत फलदायी रहेगा। इस दिन श्रद्धा और विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक एवं व्रत करने से महादेव की विशेष कृपा प्राप्त होती है तथा जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और मनोकामनाओं की सिद्धि का आशीर्वाद मिलता है।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग, धार्मिक ग्रंथों आदि पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए AMD NEWS उत्तरदायी नहीं है।
