कानपुर। मरियमपुर मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, कानपुर द्वारा रविवार, 26 जुलाई 2026 को एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर प्रातः 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक अस्पताल परिसर में आयोजित होगा। अस्पताल प्रशासन ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने और किसी जरूरतमंद की जान बचाने में सहयोग करने की अपील की है।
अस्पताल की गेस्ट रिलेशनशिप ऑफिसर अंकिता मिश्रा ने बताया कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है। एक यूनिट रक्त कई मरीजों को नया जीवन देने में सहायक बन सकता है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ रहते हुए नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने का आग्रह किया।
ब्लड बैंक ऑफिसर डॉ. नीतू पुरवा ने कहा कि सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति का सहयोग आवश्यक है। रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और इससे किसी प्रकार की शारीरिक कमजोरी नहीं आती।
मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. जे. एस. नारंग ने बताया कि शिविर के दौरान सभी आवश्यक चिकित्सकीय मानकों का पालन किया जाएगा तथा रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच के बाद ही रक्तदान कराया जाएगा।
वहीं, अस्पताल की डायरेक्टर सिस्टर पूर्णिमा जैकब ने कहा कि मानवता की सेवा ही संस्थान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने नागरिकों से इस पुण्य कार्य में भाग लेने और अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने की अपील की।
अस्पताल प्रशासन ने कहा कि “रक्तदान करें, जीवनदान दें” के संदेश के साथ आयोजित इस शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त मात्रा में सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराना है। इच्छुक नागरिक निर्धारित समय पर मरियमपुर मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल पहुंचकर इस सामाजिक अभियान का हिस्सा बन सकते हैं।
