साहिबाबाद में मालगाड़ी बेपटरी, अलीगढ़-दिल्ली रूट की कई ट्रेनें रद्द

अलीगढ़/गाजियाबाद। उत्तर रेलवे के साहिबाबाद रेलवे स्टेशन पर एक मालगाड़ी के बेपटरी होने से रेल संचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। हादसे के बाद ट्रैक पर यातायात बाधित होने से कई पैसेंजर और मेमू ट्रेनों का संचालन रद्द करना पड़ा, जिससे अलीगढ़, खुर्जा, हाथरस, टूंडला और दिल्ली के बीच रोजाना यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार मालगाड़ी के डिरेलमेंट के कारण ट्रैक पर कंजेशन और ट्रेनों के संचालन में अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसके चलते एहतियातन कई ट्रेनों को निरस्त किया गया है। वहीं, गोंडा में भी मालगाड़ी के बेपटरी होने की सूचना सामने आई है, हालांकि दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है।
रद्द की गई प्रमुख ट्रेनें
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार निम्न ट्रेनें रद्द की गई हैं—
ट्रेन संख्या 64601 (अलीगढ़–दिल्ली)
ट्रेन संख्या 64103 (अलीगढ़–दिल्ली)
ट्रेन संख्या 64105 (अलीगढ़–नई दिल्ली)
ट्रेन संख्या 64111 (खुर्जा–शकूरबस्ती)
ट्रेन संख्या 64583 (टूंडला–दिल्ली)
ट्रेन संख्या 64109 (दनकौर–शकूरबस्ती)
ट्रेन संख्या 64586 (हाथरस–हाथरस किला)
ट्रेन संख्या 64581 (हाथरस किला–दिल्ली)
युद्धस्तर पर चल रहा मरम्मत कार्य
रेलवे प्रशासन ने बताया कि दुर्घटना के बाद तकनीकी टीमों को तुरंत मौके पर भेज दिया गया है। ट्रैक की मरम्मत और रेल संचालन को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही ट्रेनों का संचालन पूरी तरह बहाल किया जाएगा।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *