लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सोमवार सुबह एक बड़ी खबर सामने आई है। वीआईपी इलाके में स्थित जवाहर भवन में अचानक भीषण आग लगने से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग भवन की चौथी मंजिल पर स्थित खाद्य एवं रसद विभाग के कार्यालय और कैंटीन में लगी, जिसके बाद धुआं तेजी से पूरे भवन में फैल गया।
आग लगते ही भवन में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। संबंधित विभाग और प्रशासन मामले की जांच में जुट गए हैं।
घटना के चलते जवाहर भवन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है।

