कानपुर। कानपुर जोन की अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जोनल कार्यालय में कानपुर जोन के सभी जनपद प्रभारियों के साथ अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करते हुए महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों पर नियंत्रण और आगामी चुनावों की तैयारियों सहित कई अहम बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
समीक्षा बैठक के दौरान महिला संबंधी अपराधों की प्रभावी रोकथाम, आगामी चुनावों की सुरक्षा तैयारियां, कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, साइबर अपराधों की रोकथाम, लंबित विवेचनाओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, सोशल मीडिया की सतत निगरानी तथा ऑपरेशन कन्विक्शन की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। इसके अलावा वांछित एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई और साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे अभियानों की भी समीक्षा की गई।
एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था को हर हाल में सुदृढ़ बनाए रखा जाए तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा, सम्मान और अपराधों की रोकथाम पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही जनसुनवाई एवं शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने तथा आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं।
बैठक में आगामी चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
इस समीक्षा बैठक में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) झांसी परिक्षेत्र श्री आकाश कुलहरि, पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) कानपुर परिक्षेत्र श्री यमुना प्रसाद सहित कानपुर जोन के विभिन्न जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अपराध नियंत्रण की रणनीति को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
A
