₹4,850 करोड़ की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की सौगात, लखनऊ में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी ने किया लोकार्पण-शिलान्यास

उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढांचे को नई गति देने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। लखनऊ में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ₹4,850 करोड़ से अधिक लागत की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश आज तेज़ी से आधुनिक बुनियादी ढांचे, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और सुशासन के उत्कृष्ट मॉडल के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं प्रदेश में औद्योगिक विकास, व्यापार, पर्यटन और रोजगार को नई दिशा देंगी तथा आम नागरिकों की यात्रा को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाएंगी।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का प्रदेश को यह महत्वपूर्ण सौगात देने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तर प्रदेश में सड़क संपर्क लगातार मजबूत हो रहा है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिल रही है।

इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से विभिन्न क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी, यात्रा का समय कम होगा और माल परिवहन अधिक सुगम बन सकेगा। साथ ही औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलने के साथ क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार प्रदेश के समग्र विकास और विश्वस्तरीय आधारभूत सुविधाओं के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। यह परियोजनाएं ‘नया उत्तर प्रदेश’ के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *