रायगढ़ (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते रायगढ़ जिले के पनवेल तालुका के चावणे स्थित HPCL पातालगंगा LPG बॉटलिंग प्लांट में बड़ा हादसा सामने आया है। प्लांट परिसर में बाढ़ का पानी घुसने से करीब 3,000 LPG गैस सिलेंडर (भरे और खाली दोनों) बहकर पातालगंगा नदी में चले गए।
घटना के बाद पातालगंगा नदी में बड़ी संख्या में सिलेंडर बहते हुए दिखाई दिए, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। कुछ स्थानीय लोग नदी से सिलेंडर निकालने की कोशिश करते भी नजर आए, जिसे प्रशासन ने बेहद खतरनाक बताया है।
रायगढ़ जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को नदी या उसके किनारे कोई LPG सिलेंडर मिले तो उसे अपने पास न रखें और न ही इस्तेमाल करने का प्रयास करें। ऐसे सिलेंडरों को तुरंत HPCL, निकटतम अधिकृत HPCL डीलर, तहसील कार्यालय (खालापुर/पेण) या उप-विभागीय अधिकारी (SDO) कार्यालय में जमा कराया जाए।
प्रशासन का कहना है कि बाढ़ के कारण प्लांट परिसर में अचानक जलभराव हुआ, जिससे सिलेंडर तेज बहाव के साथ नदी में बह गए। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि गैस सिलेंडरों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
फिलहाल प्रशासन और HPCL की टीमें लापता सिलेंडरों की तलाश और सुरक्षित रिकवरी अभियान में जुटी हैं। साथ ही नदी किनारे के गांवों और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध सिलेंडर की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की सलाह दी गई है।

