कानपुर में प्रतिबंधित चीनी मांझे पर पुलिस का बड़ा एक्शन, तीन कार्टन बरामद, दो गिरफ्तार !

प्रतिबंधित और जानलेवा चीनी मांझे के अवैध कारोबार के खिलाफ कानपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कलेक्टरगंज थाना क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित चीनी मांझा बरामद किया है। स्वाट टीम और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस अवैध कारोबार में शामिल दो तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चीनी मांझे से भरे तीन बड़े कार्टन जब्त किए हैं, जिन्हें शहर के बाजारों में खपाने की तैयारी थी।

डीसीपी (अपराध) श्रवण कुमार ने बताया कि आरोपी बेहद सुनियोजित तरीके से प्रतिबंधित मांझे का नेटवर्क संचालित कर रहे थे। पूछताछ में खुलासा हुआ कि तस्कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए बरेली से चीनी मांझे की खेप मंगवाते थे। इसके बाद ग्राहकों से संपर्क कर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इसकी होम डिलीवरी की जाती थी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह मांझा विदेश में निर्मित है और चोरी-छिपे भारत लाकर बेचा जा रहा था।

डीसीपी ने बताया कि एडीसीपी ऑपरेशन सुमित रामटेके के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस रैकेट का पर्दाफाश किया। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित चीनी मांझा अत्यंत धारदार होता है और किसी बाइक सवार, राहगीर या अन्य व्यक्ति के संपर्क में आने पर गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है। इसके चलते गला कटने जैसी जानलेवा घटनाएं और पक्षियों की मौत के कई मामले सामने आ चुके हैं।

पुलिस ने व्यापारियों और आम जनता से अपील की है कि प्रतिबंधित चीनी मांझे का भंडारण, बिक्री या उपयोग पूरी तरह गैरकानूनी है। डीसीपी श्रवण कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि कुछ रुपये के लाभ या पतंगबाजी की प्रतिस्पर्धा के लिए किसी की जान जोखिम में डालना अपराध है। पुलिस लगातार ऐसे अवैध कारोबार पर नजर बनाए हुए है और जहां भी सूचना मिलेगी, संबंधित आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *