हमीरपुर। कानपुर-हमीरपुर हाईवे पर स्थित यमुना पुल से गुजरने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। पुल पर प्रस्तावित मरम्मत कार्य के चलते 26 जून से 28 जून तक रात्रिकालीन आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान रात में किसी भी प्रकार के वाहन को पुल से गुजरने की अनुमति नहीं होगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा यमुना पुल पर बिटुमिनस ओवरले (सड़क मरम्मत) का कार्य कराया जाना है। इसी वजह से पुल पर यातायात को अस्थायी रूप से प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि आमजन को असुविधा से बचाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। कानपुर एवं घाटमपुर की ओर से हमीरपुर, उरई तथा बांदा जाने वाले वाहन गोहांड-बांदा मार्ग अथवा उरई-बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
वहीं महोबा और राठ क्षेत्र से कानपुर की ओर जाने वाले वाहनों को भी निर्धारित डायवर्जन मार्गों से संचालित किया जाएगा। यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए जिले के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर स्थानीय पुलिस तथा यातायात पुलिस की विशेष तैनाती की जाएगी।
प्रशासन ने वाहन चालकों और यात्रियों से अपील की है कि निर्धारित अवधि के दौरान यात्रा की योजना बनाते समय वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि किसी भी प्रकार की परेशानी से भी बचा जा सकेगा।
यातायात संबंधी सहायता और जानकारी के लिए प्रशासन द्वारा हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए नागरिक 9410499333, 9473987561, 9454401359, 9454401360 और 9454403539 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा आपात स्थिति में यूपी-112 सेवा भी उपलब्ध रहेगी।
प्रशासन का कहना है कि पुल की मरम्मत का कार्य जनहित में कराया जा रहा है, जिससे भविष्य में आवागमन और अधिक सुरक्षित एवं सुगम हो सकेगा। यात्रियों से सहयोग की अपेक्षा की गई है।

