ओडिशा से 603 किलो गांजा लेकर आगरा जा रहा तस्कर गिरफ्तार !

कानपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 603 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। एडीसीपी एसओजी की टीम ने ऑपरेशन व्हाइट पाउडर अभियान के तहत एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी ओडिशा से ट्रक में गांजा लेकर आगरा जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने पर टीम ने आरोपी का पीछा शुरू किया। पनकी क्षेत्र में बैरिकेडिंग लगाए जाने के बावजूद तस्कर ट्रक लेकर भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने करीब 15 किलोमीटर तक पीछा किया और रावतपुर के पास जीटी रोड स्थित 11 नंबर क्रॉसिंग के निकट ट्रक को रोककर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान ट्रक से अलग-अलग पैकेटों में रखा गया लगभग 603 किलो गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरियाणा के नूंह जिले के निवासी लियाकत अली के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह लंबे समय से ओडिशा से गांजा लाकर विभिन्न राज्यों और शहरों में सप्लाई करता था।

पुलिस का कहना है कि बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। आरोपी द्वारा बताए गए अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *