इटावा में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आए तूफान ने मचाई तबाही, महिला की मौत, 170 बिजली के खंभे गिरे

इटावा में मंगलवार शाम दिनभर की भीषण गर्मी के बाद मौसम ने अचानक करवट ली और करीब सवा चार बजे 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आए तेज तूफान ने जिले में भारी तबाही मचा दी। इस प्राकृतिक आपदा में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। आंधी के चलते जिले भर में लगभग 170 बिजली के खंभे और बड़ी संख्या में पेड़ धराशायी हो गए, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नारायणपुरवा गांव में बाड़े की दीवार गिरने से 50 वर्षीय कैलाशी देवी की मौत हो गई। वहीं जसवंतनगर के भारद्वाजपुरा गांव में बरगद का पेड़ गिरने से 12 वर्षीय योगेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे में उसकी दो बकरियों की भी मौत हो गई। जगसौरा गांव में भागवत कथा के दौरान तेज हवा से टेंट पलटने पर 45 वर्षीय शिमला देवी घायल हो गईं।

तूफान के कारण कचहरी परिसर, कलक्ट्रेट, पीडब्ल्यूडी कार्यालय, होमगंज और गुलाबबाड़ी समेत कई क्षेत्रों में पेड़ गिर गए। कचहरी परिसर में एक अधिवक्ता के चैंबर पर पेड़ गिरने से दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कलक्ट्रेट परिसर में लगा टावर भी क्षतिग्रस्त हो गया। कई स्थानों पर दीवारें ढह गईं और सड़कों पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित रहा।

आंधी के चलते बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। लाइनपार, फ्रेंड्स कॉलोनी, बंगाली कॉलोनी, कचहरी रोड और जिला अस्पताल क्षेत्र में बिजली के तार टूट गए। रायनगर-जसवंतनगर 33 हजार केवी लाइन के खंभे गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई। भारी नुकसान के कारण देर रात तक बिजली व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी।

तेज आंधी और बारिश के बाद शहर में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी बन गई। पक्का बाग, जिला अस्पताल और इटावा-कानपुर नेशनल हाईवे की सर्विस रोड समेत कई इलाकों में पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *