मथुरा/वृंदावन। विश्व प्रसिद्ध श्री ठाकुर बांके बिहारी मंदिर के निकट मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। तेज आंधी के दौरान एक पुराने मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से सात श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर के आसपास की गली में उस समय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद थी। कुछ महिलाएं दुकानों के पास खड़ी थीं, तभी अचानक पुराने मकान का छज्जा टूटकर नीचे गिर गया। पत्थर और मलबे के बड़े-बड़े टुकड़े श्रद्धालुओं पर आ गिरे, जिससे कई लोग घायल हो गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि छज्जे में पहले से दरारें थीं और तेज आंधी के कारण वह कमजोर होकर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को तत्काल आरके मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि बांके बिहारी मंदिर के पास एक पुराने मकान का छज्जा आंधी के दौरान गिर गया, जिससे कुछ श्रद्धालु घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
हादसे के बाद प्रशासन ने आसपास के पुराने और जर्जर भवनों की जांच कराने की बात कही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

