यूपी में स्वास्थ्य विभाग में बड़ा फेरबदल: 17 जिलों के सीएमओ बदले

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने स्थानांतरण नीति के तहत स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ अधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) के तबादले किए हैं। शासन ने निदेशक स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपने के साथ ही 17 जिलों में नए सीएमओ की तैनाती की है।

जारी आदेश के अनुसार मेरठ के पीएल शर्मा जिला चिकित्सालय की प्रमुख अधीक्षक डॉ. सुदेश कुमारी को प्रोन्नत कर निदेशक (मातृ एवं परिवार कल्याण), परिवार कल्याण महानिदेशालय बनाया गया है। वहीं, डॉ. रेनू चौधरी को निदेशक (पैरामेडिकल), स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय तथा डॉ. राकेश शर्मा को निदेशक (सीएचसी), स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के पद पर नियुक्त किया गया है।

लखनऊ मंडल के अपर निदेशक एवं सिविल अस्पताल के मुख्य परामर्शदाता डॉ. गंगा प्रसाद गुप्ता को निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल, लखनऊ बनाया गया है। उनके पास अपर निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, लखनऊ मंडल का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।

इसके अलावा डॉ. आलोक कुमार को पीलीभीत के सीएमओ पद से हटाकर साचीज (SACHIS) लखनऊ का महाप्रबंधक नियुक्त किया गया है। स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय में संयुक्त निदेशक के पद पर कार्यरत डॉ. सचिन चंद्र वैश्य को गाजियाबाद का नया सीएमओ बनाया गया है।

17 जिलों में नए सीएमओ की तैनाती

शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार गाजियाबाद, जालौन, वाराणसी, जौनपुर, उन्नाव, बाराबंकी, सीतापुर, बलिया, अंबेडकरनगर, हमीरपुर, फतेहपुर, हापुड़, मऊ, अमरोहा, अलीगढ़, कन्नौज और महोबा समेत कई जिलों में नए मुख्य चिकित्सा अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

उन्नाव के नए सीएमओ के रूप में डॉ. अजय कुमार शर्मा, वाराणसी में डॉ. मुकेश कुमार, जौनपुर में डॉ. गंगाराम गौतम, बाराबंकी में डॉ. रंजन गौतम तथा सीतापुर में डॉ. सुखरंजन समद्दर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की पहल

स्वास्थ्य विभाग में किए गए इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने, प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। शासन का मानना है कि अनुभवी अधिकारियों की नई तैनाती से प्रदेश में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *