हमीरपुर -आंधी-तूफान में ढहा निर्माणाधीन पुल, मलबे में दबकर 5 मजदूरों की मौत

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज आंधी और तूफान के बीच निर्माणाधीन पुल अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में अब तक पांच मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार यह पुल थाना लालपुर क्षेत्र के मोराकंदर और कुरारा की मवाईजार गांव को जोड़ने के लिए बनाया जा रहा था। अचानक आए तेज तूफान के दौरान पुल का एक बड़ा हिस्सा ढह गया और वहां मौजूद मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर दबे मजदूरों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि पुल गिरते ही आसपास धूल का गुबार छा गया। प्रशासन ने घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा है, जहां उनका इलाज जारी है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुट गया है। वहीं, मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *