उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। बिसंडा थाना क्षेत्र में मौरंग (बालू) से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा पर पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई लोग मलबे में दब गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में 3 महीने की मासूम बच्ची समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, ट्रक जौनपुर की ओर जा रहा था। रास्ते में ट्रक ने पहले एक साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से भागने लगा। स्थानीय लोगों ने ट्रक का पीछा करना शुरू किया, जिसके चलते ड्राइवर ने वाहन की रफ्तार और बढ़ा दी। तेज गति के कारण चालक ट्रक से नियंत्रण खो बैठा और सड़क पर चल रहे एक ई-रिक्शा के ऊपर ट्रक पलट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक में भरी कई टन मौरंग सीधे ई-रिक्शा पर गिर गई, जिससे ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा पुलिस को सूचना दी।
हादसे में 3 महीने की बच्ची सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कई घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जेसीबी मशीनों की मदद से ट्रक के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

