उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक स्लीपर बस में भीषण आग लगने से बस चालक और कंडक्टर की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री झुलस गए। घायलों को शिकोहाबाद और फिरोजाबाद के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए आगरा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसा मटसेना थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के खंभा नंबर 46 के पास हुआ। हरियाणा के गुरुग्राम से कानपुर जा रही एक स्लीपर बस आगे चल रहे बालू से लदे ट्रक से जा टकराई। बताया जा रहा है कि ट्रक पहले से ही डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में खड़ा था।
टक्कर इतनी तेज थी कि बस में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस में मौजूद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियों और दरवाजों से कूदकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड और यूपीडा की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल विभाग की पांच गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।हादसे में घायल यात्रियों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात को सामान्य करा दिया है। वहीं पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है।

