25 मई से शुरू होगा नौतपा, 9 दिनों तक पड़ेगी भीषण गर्मी और चलेगी लू

नई दिल्ली। देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच अब तापमान और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। राजधानी दिल्ली में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कुछ इलाकों में पारा 46 डिग्री तक पहुंच गया। इसी बीच 25 मई से नौतपा की शुरुआत होने जा रही है, जो 2 जून तक चलेगा।

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, ज्येष्ठ माह में जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते हैं तब नौतपा आरंभ होता है। इस वर्ष 25 मई को सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। मान्यता है कि इस दौरान सूर्य और पृथ्वी के बीच की दूरी कम हो जाती है, जिससे सूर्य की किरणें सीधे और अधिक तीव्रता से पृथ्वी पर पड़ती हैं। यही कारण है कि इन नौ दिनों में गर्मी अपने चरम पर पहुंच जाती है।

नौतपा का अर्थ होता है नौ दिनों की प्रचंड तपिश। इन दिनों तेज धूप, गर्म हवाएं और लू का असर सबसे अधिक देखने को मिलता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि नौतपा के दौरान तापमान सामान्य से काफी ऊपर जा सकता है और लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी।

भारत सरकार ने भी हीटवेव को लेकर एडवाइजरी जारी की है। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि नौतपा का प्रभाव कृषि और मौसम चक्र पर भी पड़ता है तथा इसे मानसून की तैयारी का संकेत भी माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *