चित्रकूट में 19वें ‘रुद्र महायज्ञ’ का शुभारंभ, शिवलिंग निर्माण कर की गई विशेष पूजा-अर्चना

चित्रकूटधाम। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर निर्मोही अखाड़ा, चित्रकूटधाम में आयोजित 19वें “रुद्र महायज्ञ” का शुभारंभ रविवार को श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ हो गया। कार्यक्रम के प्रथम दिन श्रद्धालुओं एवं संत-महात्माओं द्वारा पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की गई। पूरे परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और “हर-हर महादेव” के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना रहा।

महायज्ञ का आयोजन 17 मई 2026 से 15 जून 2026 तक किया जा रहा है। इस दौरान प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 10 बजे तक 11 हजार पार्थिव शिवलिंग निर्माण तथा रुद्राभिषेक का आयोजन किया जाएगा। वहीं दोपहर में धार्मिक अनुष्ठान एवं कथा प्रवचन भी होंगे।

कार्यक्रम में गोलोकवासी श्री महंत रामाश्रय दास जी सिंहस्थ भूषण की प्रेरणा एवं आशीर्वाद को स्मरण करते हुए संत समाज ने पूजा-अर्चना संपन्न कराई। महायज्ञ में पावन सानिध्य महंत श्री 1008 दीनदयाल दास जी महाराज का प्राप्त हो रहा है।

आयोजकों की ओर से मुन्ना शास्त्री ने बताया कि महायज्ञ के दौरान श्रीमद्भागवत कथा, श्रीराम कथा एवं शिवमहापुराण कथा का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कार्यक्रम के शुभारंभ पर बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *