कानपुर नगर के थाना सचेंडी क्षेत्र अंतर्गत चकरपुर फल एवं सब्जी मंडी में बुधवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते टिनशेड से बनी करीब 60 दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार, 14 May दोपहर लगभग 11:54 बजे चकरपुर फल एवं सब्जी मंडी में आग लगने की सूचना फायर विभाग को मिली। सूचना मिलते ही पनकी फायर स्टेशन से एक और फजलगंज से तीन फायर यूनिट तत्काल रवाना की गईं। आग की भयावह स्थिति को देखते हुए कानपुर नगर के CFO दीपक शर्मा स्वयं मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभाली।
CFO दीपक शर्मा के निर्देश पर मीरपुर कैंट, जाजमऊ, कर्नलगंज तथा माती (कानपुर देहात) से भी अतिरिक्त फायर ब्रिगेड यूनिट्स भेजी गईं। कुल आठ फायर यूनिट्स ने चारों तरफ से आग को घेरकर पानी की बौछार शुरू की और आग को अन्य दुकानों तक फैलने से रोक दिया।
बताया गया कि दुकानों में रखे एलपीजी सिलेंडरों में लगातार धमाके हो रहे थे, जिसके बावजूद फायर कर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना साहस और तत्परता का परिचय देते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
फायर विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग से दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। फायर विभाग और प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

