यूपी में फिर बढ़ेगी गर्मी, अगले एक सप्ताह में तापमान 8 डिग्री तक बढ़ने के आसार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों हुई बेमौसम बारिश, तेज आंधी, तूफान और ओलावृष्टि से जहां किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ, वहीं मौसम में आई ठंडक से लोगों को भीषण गर्मी और हीट वेव से राहत मिली थी। मार्च माह से लगातार पड़ रही गर्मी के बीच बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी।
हालांकि अब प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। शनिवार से कई जिलों में तापमान बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है, जिसके चलते आने वाले दिनों में गर्मी और तेज हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले एक सप्ताह के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके साथ ही लोगों को दोबारा उमस और तेज धूप का सामना करना पड़ सकता है।
हालांकि 12 से 15 मई के बीच प्रदेश के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है। इस दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को मौसम के बदलते हालात को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *