डिजिटल जनगणना की शुरुआत कल से, 21 मई तक खुद ऑनलाइन भर सकेंगे फॉर्म

लखनऊ: प्रदेश में जनगणना-2027 की प्रक्रिया की शुरुआत 7 मई से होने जा रही है। इस बार पहली बार डिजिटल जनगणना कराई जाएगी, जिसमें नागरिकों को स्वयं ऑनलाइन फॉर्म भरने की सुविधा दी गई है। लोग 21 मई तक घर बैठे जनगणना का फॉर्म भर सकेंगे।

सरकार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, स्वगणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति को ‘यू’ अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की एक विशेष आईडी दी जाएगी, जो इस पूरी प्रक्रिया की मुख्य कुंजी होगी। यह कोई ओटीपी नहीं है, बल्कि आपके द्वारा दी गई जानकारी के सत्यापन का आधार बनेगी। इस आईडी को सुरक्षित रखना आवश्यक होगा, क्योंकि 22 मई से घर-घर आने वाले गणनाकर्मी इसी के माध्यम से जानकारी का मिलान करेंगे।

जो लोग 21 मई तक ऑनलाइन जानकारी दर्ज नहीं कर पाएंगे, वे 22 मई से शुरू होने वाली डोर-टू-डोर गणना के दौरान अपनी जानकारी साझा कर सकेंगे। जनगणना के लिए सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल (https://se.census.gov.in⁠�) पर मोबाइल नंबर और नाम के जरिए पंजीकरण करना होगा। इसके बाद ओटीपी सत्यापन कर भाषा का चयन किया जाएगा और फिर पता दर्ज कर मानचित्र पर अपने घर को चिन्हित करना होगा।

अंत में नागरिकों को 33 सवालों की प्रश्नावली भरकर सबमिट करनी होगी, जिसके बाद उन्हें एक यूनिक आईडी प्राप्त होगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनगणना के दौरान किसी भी प्रकार की बैंक डिटेल, आधार नंबर या अन्य संवेदनशील जानकारी नहीं मांगी जाएगी।

जनगणना निदेशालय के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें। यह नागरिकता का प्रमाण नहीं, बल्कि सरकारी योजनाओं की बेहतर योजना और क्रियान्वयन के लिए जरूरी आंकड़े जुटाने का माध्यम है। साथ ही, पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित रखने के लिए आधुनिक डिजिटल तकनीक, मैप्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *