चित्रकूटधाम में आगामी पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर 19वें “रुद्र महायज्ञ” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक अनुष्ठान 17 मई 2026 से प्रारंभ होकर 15 जून 2026 तक चलेगा। आयोजन स्थल 114 वर्षीय अखंड संकीर्तन निर्माणी अखाड़ा, चित्रकूटधाम निर्धारित किया गया है, जहां देशभर से श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
आयोजकों के अनुसार, इस महायज्ञ के अंतर्गत प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 10 बजे तक 11,000 पार्थिव शिवलिंग निर्माण किया जाएगा, वहीं सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक रुद्राभिषेक एवं वेद पाठ का आयोजन होगा। कार्यक्रम के समापन पर 15 जून को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
यह आयोजन भगवान शिव की कृपा एवं लोककल्याण की भावना से प्रेरित है। आयोजन समिति द्वारा बताया गया कि इस धार्मिक महोत्सव में संत सेवा, गौ सेवा, विद्यार्थी सेवा और दरिद्र नारायण सेवा जैसे कई सामाजिक कार्य भी संचालित किए जाएंगे। इसके साथ ही श्रीमद् भागवत कथा, श्रीराम कथा एवं शिवमहापुराण कथा का भी आयोजन होगा, जिसमें विद्वान कथा व्यास प्रवचन देंगे।
आयोजन में विभिन्न यज्ञाचार्य एवं विद्वान पंडितों की उपस्थिति रहेगी, जो वैदिक मंत्रों के साथ अनुष्ठान को पूर्ण करेंगे। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे इस पुण्य अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त करें और आयोजन को सफल बनाएं।
आयोजकों ने बताया कि इस महायज्ञ का उद्देश्य समाज में धार्मिक जागरूकता बढ़ाना और सनातन संस्कृति को सशक्त करना है। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।

