कानपुर के ब्रह्म नगर में कार गैराज में भीषण आग, फायर ब्रिगेड की तत्परता से टली बड़ी घटना

कानपुर के बजरिया थाना क्षेत्र स्थित ईदगाह चौराहा, ब्रह्म नगर रोड पर शुक्रवार देर रात एक कार गैराज में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना दिनांक 24 अप्रैल 2026 को रात 23:03 बजे मिनी कंट्रोल द्वारा सीयूजी पर दी गई, जिसमें आग के आसपास की घनी आबादी तक फैलने की आशंका जताई गई।

सूचना मिलते ही फायर स्टेशन कर्नलगंज से फायर टेंडर संख्या 0451 एवं एफक्यूआरवी 8815 तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर आग विकराल रूप में जलती हुई पाई गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कंट्रोल रूम के माध्यम से मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा को अवगत कराया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर फजलगंज, किदवई नगर, मीरपुर, पनकी, जाजमऊ और लाटूश रोड फायर स्टेशनों से भी अतिरिक्त फायर टेंडर मौके के लिए रवाना किए गए। स्वयं मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की।

फायर सर्विस की टीमों ने सूझबूझ और तत्परता के साथ आग को तीनों ओर से घेरकर नियंत्रित किया, जिससे आग को घनी आबादी में फैलने से रोक लिया गया। साथ ही आसपास के अन्य गैराज और दुकानों को भी सुरक्षित बचा लिया गया।

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *