कानपुर नगर में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी कानपुर नगर के कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, जनपद के सभी बोर्ड के सरकारी, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों (प्राथमिक से कक्षा 12 तक) के संचालन समय में बदलाव किया गया है।
आदेश के मुताबिक अब विद्यालयों का संचालन सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक किया जाएगा। यह निर्णय विद्यार्थियों को तेज धूप और लू से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है। हालांकि, जिला सुरक्षा समिति द्वारा संचालित 81 विद्यालयों की समयावधि इस आदेश से अलग रखी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी विद्यालय इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। आदेश 23 अप्रैल 2026 से प्रभावी हो गया है और अगली सूचना तक लागू रहेगा।
जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा जारी इस आदेश की प्रतिलिपि संबंधित विभागों, अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधनों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई है।

