कानपुर। फजलगंज फायर स्टेशन के सामने पाइपलाइन फटने के कारण जलकल विभाग द्वारा मरम्मत कार्य शुरू किया गया है। इस कार्य को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए यातायात पुलिस ने 22 अप्रैल 2026 से 23 अप्रैल 2026 तक संबंधित मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है।
जारी प्रेस नोट के अनुसार, विजय नगर से दादानगर की ओर जाने वाले मार्ग पर बसंत पेट्रोल पंप से विजय नगर चौराहा की तरफ सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहन शास्त्री चौक, सचान चौराहा, चावला चौराहा और फजलगंज चौराहा होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
वहीं, विजय नगर चौराहा से दादानगर की दिशा में जाने वाले वाहनों पर भी रोक रहेगी। इन वाहनों को विजय नगर से चार खंभा चौराहा, गड़रियनपुरवा, बीओबी चौराहा और चावला चौराहा के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और सहयोग बनाए रखें। किसी भी असुविधा की स्थिति में ट्रैफिक कंट्रोल रूम (9305104340) और ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर (9305104387) पर संपर्क किया जा सकता है।
साथ ही वाहन चालकों से विशेष अनुरोध किया गया है कि सड़क पर चल रही एंबुलेंस को प्राथमिकता देते हुए तुरंत रास्ता दें, ताकि आपात स्थिति में मरीजों की जान बचाई जा सके।

