लखनऊ: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की तबादला एक्सप्रेस एक बार फिर तेज़ी से दौड़ी है। रविवार देर रात प्रदेश सरकार ने 40 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। इस बदलाव के तहत 15 जिलों के जिलाधिकारी (DM) भी बदले गए हैं, जिससे कई जिलों में नई प्रशासनिक टीम की जिम्मेदारी तय हुई है।
तबादला सूची के अनुसार, परिवहन आयुक्त किंजल सिंह को उनके पद से हटाकर माध्यमिक शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है। वहीं हाल ही में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे 2010 बैच के आईएएस अधिकारी आशुतोष निरंजन को नया परिवहन आयुक्त नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा औद्योगिक विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार से एमएसएमई और निर्यात प्रोत्साहन विभाग का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। यूपी पावर कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक पंकज कुमार को भी उनके पद से हटा दिया गया है और फिलहाल उन्हें नई तैनाती नहीं दी गई है।
सरकार द्वारा जारी सूची में 15 जिलों के जिलाधिकारियों में बदलाव किया गया है, जिनमें से 8 डीएम को एक जिले से हटाकर दूसरे जिले में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। लखीमपुर खीरी की जिलाधिकारी दुर्गाशक्ति नागपाल को पदोन्नति देते हुए देवीपाटन मंडल का मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं आगरा के डीएम अरविंद मल्लप्पा बांगरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।
अन्य प्रमुख नियुक्तियों में गौरांग राठी को झांसी का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि इंद्रजीत सिंह को सुल्तानपुर का डीएम बनाया गया है। श्रीकुमार हर्ष को बुलंदशहर, अन्नपूर्णा गर्ग को श्रावस्ती, आलोक यादव को शामली, और अरविंद कुमार चौहान को सहारनपुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही नितिन गौड़ को अमरोहा, अभिषेक गोयल को हमीरपुर और सरनीत कौर को रायबरेली का डीएम बनाया गया है। इस तरह राज्य सरकार ने व्यापक स्तर पर प्रशासनिक बदलाव करते हुए कई जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
बताया जा रहा है कि लंबे मंथन के बाद यह तबादला सूची जारी की गई है, जिसका उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में तेजी और बेहतर शासन व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

