यूपी में भीषण गर्मी का कहर, अगले 7 दिन लू का अलर्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अप्रैल में ही जून जैसी तपिश का अहसास करा दिया है। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के चलते प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा छाने लगा है और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, पूर्वी और पश्चिमी यूपी के लगभग सभी इलाकों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नहीं है, जिससे मौसम में बदलाव की उम्मीद की जा सके। ऐसे में आने वाले 7 दिनों तक प्रदेशवासियों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा। अनुमान है कि अधिकतम तापमान में अभी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।

विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विभाग ने भी लू से बचाव को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *